Asia Cup: पहली बार 1984 में हुआ था एशिया कप का आयोजन, भारत है टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम

Asia Cup: इस साल विश्व कप 2023 से पहले होने वाले एशिया कप की मेजबानी पाकिस्तान और श्रीलंका दोनों देश मिलकर करने वाले है। साल 1984 में पहली बार एशिया कप का आयोजन यूएई में हुआ था। अब तक कुल मिलाकर एशिया कप के 15 सीजन हुए हैं, जिसमें भारतीय टीम सबसे सफल टीम रही है।

Dheeraj Dwivedi
Dheeraj Dwivedi

Asia Cup: एशिया कप 2023 की तारीखों की घोषणा हो चुकी है। एशिया कप की शुरूआत 31 अगस्त को होगी। पहला मुकाबला पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच खेला जाएगा और खिताबी मुकाबला 17 सितंबर को खेला जाएगा। एशिया कप के 16वें संस्करण में पाकिस्तान को चार मुकाबलों की मेजबानी करनी है और बाकी के मुकाबले श्रीलंका में होंगे।

भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश, अफगानिस्तान और नेपाल टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगे जिसमें कुल 13 वनडे मुकाबले खेले जाएंगे। इस साल एशिया कप में तीन-तीन टीमों के दो ग्रुप होंगे, जिसमें शीर्ष दो टीमें सुपर चार में जगह बनाएंगी। सुपर चार की शीर्ष दो टीमें 17 सितंबर को खिताबी मुकाबला खेलेंगी।

बता दें कि भारत, पाकिस्तान और नेपाल एक ग्रुप में हैं, जबकि श्रीलंका, बांग्लादेश और अफगानिस्तान दूसरे ग्रुप में हैं। नेपाल ने इस साल की शुरुआत में काठमांडू में एसीसी मेन्स प्रीमियर कप के फाइनल में यूएई को हराकर इस टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई किया था। श्रीलंका मौजूदा विजेता है, जिसने पिछले साल फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान को हराया था।

1984 में पहली बार हुआ था एशिया कप आयोजन -

साल 1984 में एशिया कप का पहला सीजन यूएई में खेला गया था और अब तक एशिया कप के 15 सीजन खेले जा चुके हैं। भारत सबसे ज्यादा 7 बार एशिया कप का खिताब हासिल कर चुका है, जबकि श्रीलंका एशिया कप में दूसरी सबसे सफल टीम रही है। श्रीलंका 6 बार एशिया कप का खिताब जीतने में सफल रहा है। वहीं पाकिस्तान दो बार ही एशिया कप का खिताब अपने नाम कर पाया है। साल 2022 में एशिया कप का खिताब श्रीलंका ने पकिस्तान को हराते हुए हासिल किया था।

नोट - साल 2016 में पहली बार एशिया कप टी20 फॉर्मेट में खेला गया था।

एशिया कप की विजेता टीम -

एशिया कप 1984 यूएई - भारत ने अपने दोनों मुकाबलों में जीत दर्ज करते हुए एशिया कप का खिताब हासिल किया। श्रीलंका की टीम एक जीत के साथ दूसरे स्थान पर और पाकिस्तान दोनों मुकाबले हारकर तीसरे स्थान पर रही थी।
एशिया कप 1986 श्रीलंका - श्रीलंका ने फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान को 5 विकेट से मात देते हुए खिताब हासिल किया। भारतीय टीम ने 1986 एशिया कप में भाग नहीं लिया था।
एशिया कप 1988 बांग्लादेश - भारतीय टीम ने श्रीलंका को फाइनल मुकाबले में 6 विकेट से मात देते हुए खिताबी जीत हासिल की थी।
एशिया कप 1990 भारत - भारत ने फाइनल मुकाबले में श्रीलंका को 7 विकेट से करारी शिकस्त दी थी। पाकिस्तान ने 1990 एशिया कप में हिस्सा नहीं लिया था।
एशिया कप 1995 यूएई - भारतीय टीम ने श्रीलंका को फाइनल मुकाबले में 8 विकेट से मात देते हुए लगातार तीसरी बार एशिया कप का खिताब हासिल किया था।
एशिया कप 1997 श्रीलंका - श्रीलंका ने भारत को फाइनल मुकाबले में 8 विकेट से मात देते हुए दूसरी बार खिताब हासिल किया था।
एशिया कप 2000 बांग्लादेश - पाकिस्तान ने श्रीलंका को फाइनल मुकाबले में 39 रनों से शिकस्त देते हुए पहली बार एशिया कप का खिताब हासिल किया था।
एशिया कप 2004 श्रीलंका - श्रीलंका ने भारत को फाइनल मुकाबले में 25 रनों से मात देते हुए खिताब हासिल किया था।
एशिया कप 2008 पाकिस्तान - श्रीलंका ने भारत को फाइनल मुकाबले में 100 रनों से शिकस्त देते हुए टूर्नामेंट का खिताब हासिल किया था।
एशिया कप 2010 श्रीलंका - भारत ने फाइनल मुकाबले में श्रीलंका को 81 रनों से मात देते हुए खिताबी जीत दर्ज की थी।
एशिया कप 2012 बांग्लादेश - पाकिस्तान ने फाइनल मुकाबले में बांग्लादेश को 2 रनों से करीबी मात देते हुए ख़िताब हासिल किया था। भारतीय टीम फाइनल में जगह बनाने में नाकाम रही थी।
एशिया कप 2014 बांग्लादेश - श्रीलंका ने पाकिस्तान को खिताबी मुकाबले में 5 विकेट से मात देते हुए जीत दर्ज की थी।
एशिया कप 2016 बांग्लादेश (टी20 फॉर्मेट) - भारत ने फाइनल मुकाबले में बांग्लादेश को 8 विकेट से रौंदते हुए एशिया कप का खिताब जीता था।
एशिया कप 2018 यूएई - भारत ने बांग्लादेश को फाइनल मुकाबले में अंतिम गेंद पर 3 विकेट से मात देते हुए खिताब हासिल किया था।
एशिया कप 2022 यूएई - श्रीलंका ने फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान को हराकर एशिया कप का खिताब हासिल किया था।

Topics

calender
01 July 2023, 04:51 PM IST

जरुरी ख़बरें

ट्रेंडिंग गैलरी

ट्रेंडिंग वीडियो