क्रिकेट इतिहास का सबसे बड़ा हार्टब्रेक! 299 रनों पर आउट हो गया बल्लेबाज, तिहरा शतक लगाने का टूटा सपना

सलामी बल्लेबाज सुदीप कुमार तिहरा शतक लगाने से चुक गए हैं. उन्होंने कड़ी मेहनत कर स्कोर को 299 तक पहुंचाया, लेकिन तिहरा शतक नहीं लगा सके. आइये जानते हैं कैसे क्या हुआ.

Sonee Srivastav

Ranji Trophy Quarter-Finals: क्रिकेट में तिहरा शतक लगाना हर बल्लेबाज का बड़ा सपना होता है, लेकिन कल्पना कीजिए, कोई खिलाड़ी 299 रन बना चुका हो और सिर्फ एक रन की कमी से वो मील का पत्थर छूट जाए. ये दर्दनाक पल सोमवार 9 फरवरी 2026 को बंगाल के सलामी बल्लेबाज सुदीप कुमार घरामी ने झेला है.

रणजी ट्रॉफी 2025-26 के तीसरे क्वार्टर-फाइनल में उन्होंने आंध्र प्रदेश के खिलाफ शानदार पारी खेली, लेकिन 299 पर क्लीन बोल्ड होकर पवेलियन लौट गए.

शेख रशीद ने किया क्लीन बोल्ड

मैच बंगाल क्रिकेट अकादमी ग्राउंड, कल्याणी में खेला जा रहा था. बंगाल ने पहली पारी में 199.1 ओवर में 629 रन बनाए. सुदीप घरामी ने ओपनिंग करते हुए 596 गेंदों का सामना किया और 31 चौकों व 6 छक्कों की मदद से 299 रन ठोके.

उन्हें आंध्र के गेंदबाज शेख रशीद ने क्लीन बोल्ड किया. ये पारी टीम को मजबूत स्थिति में ले गई, लेकिन सुदीप के चेहरे पर निराशा साफ दिख रही थी. वो इतिहास रचने से बस एक कदम दूर थे. 

धीरे-धीरे बढ़ती पारी, मील के पत्थर छुए

सुदीप ने धैर्य से बल्लेबाजी की. 96 गेंदों पर उन्होंने अर्धशतक पूरा किया. 157 गेंदों में शतक लगाया. 270 गेंदों पर 150 रन और 415 गेंदों पर दोहरा शतक ठोका. ये उनका रणजी में पहला दोहरा शतक था. 596 गेंदों तक वो खेलते रहे और तिहरे शतक की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन आखिरी पल में सब खत्म हो गया. 

अनचाहा रिकॉर्ड किया अपने नाम

रणजी ट्रॉफी के इतिहास में पहली बार कोई बल्लेबाज 299 पर आउट हुआ. पहले महाराष्ट्र के शांतनु सुगवेकर 1988-89 में 299 पर नाबाद रहे थे, लेकिन आउट नहीं हुए. सुदीप का ये रिकॉर्ड अनचाहा है, जो दर्द देता है. 

फॉर्म में चल रहे सुदीप 

सुदीप इस रणजी सीजन में फॉर्म में हैं. 12 पारियों में 54.25 की औसत से 651 रन बना चुके हैं, जिसमें 2 शतक और 3 अर्धशतक शामिल हैं. अभी तक कोई भी बल्लेबाज 300 रन नहीं बना पाया था, लेकिन सुदीप के पास मौका था. अफसोस, वो पूरा नहीं हो सका.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag