शरद पवार की हालत गंभीर! सुबह ठीक थे, दोपहर अस्पताल में भर्ती...आखिर अचानक से तबियत कैसे हुई खराब?
वरिष्ठ नेता शरद पवार की अचानक तबीयत खराब हो गई है, जिसके कारण उन्हें पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया है. सूत्रों के मुताबिक, उन्हें बुखार, खांसी और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत है.

पुणे: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी-एसपी) के प्रमुख और वरिष्ठ नेता शरद पवार की तबीयत सोमवार को अचानक खराब हो गई. उन्हें बारामती से पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया है. उनके कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, उन्हें बुखार, खांसी और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत है.
बारामती में शुरू हुई परेशानी
शरद पवार पिछले कुछ दिनों से बारामती में थे. सोमवार सुबह से ही उन्हें खांसी, जुकाम और बुखार की समस्या होने लगी. उनके गोविंदबाग स्थित आवास पर डॉक्टरों की टीम पहुंची और जांच की.
हालत में सुधार न होने पर दोपहर में उन्हें पुणे ले जाने का फैसला लिया गया. उनकी बेटी और सांसद सुप्रिया सुले भी उनके साथ हैं. अस्पताल में भर्ती होने के बाद उनका इलाज चल रहा है.
अजीत पवार की तेरहवीं के दिन हुआ तबियत खराब
यह घटना ऐसे समय में हुई जब बारामती तालुका के काठेवाड़ी में दिवंगत नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री अजीत पवार की तेरहवीं पुण्यतिथि मनाई जा रही थी. शरद पवार और परिवार के सदस्य इस कार्यक्रम में शामिल होने वाले थे, लेकिन तबीयत बिगड़ने से वे नहीं जा सके.
परिवार के सूत्रों ने बताया कि लगातार खांसी और कफ की वजह से सांस लेने में दिक्कत हो रही है. वे प्रोटेक्टिव मास्क पहने हुए थे और मेडिकल सहायता तैयार रखी गई थी.
सार्वजनिक कार्यक्रमों से दूर थे पवार
शरद पवार की उम्र और स्वास्थ्य को देखते हुए यह चिंता की बात है. पिछले कुछ महीनों में वे ज्यादातर सार्वजनिक कार्यक्रमों से दूर रहे थे, लेकिन हाल ही में भतीजे अजीत पवार के निधन के बाद वे फिर सक्रिय हुए.
पिछले हफ्ते वे लगातार तीन दिन कोऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी में रहे, जहां लोग शोक जताने आए. पिछले आठ दिनों से बारामती में लोगों का आना-जाना जारी था, जिससे वे थक गए होंगे. राज्य में जिला परिषद और पंचायत चुनावों के नतीजों के बाद राजनीतिक गतिविधियां भी बढ़ गई हैं.
सूत्रों के अनुसार, यह समस्या गले में संक्रमण और सर्दी-खांसी से जुड़ी है. डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज हो रहा है और जल्द स्वस्थ होने की उम्मीद है. समर्थक और पार्टी कार्यकर्ता उनकी जल्दी रिकवरी की कामना कर रहे हैं.


