एक्सीडेंट के बाद स्विमिंग पूल में जा गिरा व्यक्ति, एप्पल वॉच ने ऐसे बचाई जान, पीड़ित ने बताया पूरा वाक्या
आईफोन निर्माता कंपनी एप्पल के अपने खास गैजेट्स के लिए मशहूर है. एप्पल वॉच ने एक व्यक्ति का जान बचाई है. यह मामला अमेरिका के ईस्टहैंपटन का है, जहां एक व्यक्ति का खतरनाक एक्सीडेंट हो गया. हादसे के बाद व्यक्ति स्विमिंग पूल में जा गिरा. एप्पल वॉच के क्रैश डिटेक्शन फीचर ने एक्सीडेंट का पता लगा लिया था और तुरंत ही इमरजेंसी सेवाओं को इस बारे में सूचित कर दिया.

आईफोन निर्माता कंपनी एप्पल के अपने खास गैजेट्स के लिए मशहूर है. एप्पल सिर्फ आईफोन ही नहीं बनाती. इसके अलावा आईपैड, ईयरबड, एप्पल वॉच जैसे गैजेट्स भी बनाती है. एप्पल वॉच दुनियाभर अपनी कई खूबियों की वजह से चर्चा में रहती है. एप्पल वॉच ने कई मौकों पर लोगों की जान बचाई है. ताजा मामला अमेरिका के ईस्टहैंपटन का है, जहां एक खतरनाक एक्सीडेंट का शिकार हुए 55 वर्षीय व्यक्ति की इस गैजेट के कारण जान बच पाई. हादसे में पीड़ित व्यक्ति की कार एक गैजेट से टकराकर स्विमिंग पूल में जा गिरी थी. हादसे के तुरंत बाद एप्पल वॉच के एक फीचर की मदद से इमरजेंसी सर्विस को मैसेज चला गया, जिस कारण घायल को तुरंत मदद मिल सकी.
16 दिसंबर को हुआ था हादसा
55 वर्षीय ब्रेंट हिल 16 दिसंबर को अपने घर जा रहे थे. ड्राइव करते समय उनकी तबियत खराब हो गई और वो बेहोश हो गए. अगले ही पल गाड़ी से उनका नियंत्रण खो गया और कार सड़क किनारे बने एक गैरेज से टकराकर स्विमिंग पूल में जा गिरी. थोड़ी देर बाद जब उन्हें होश आया तो उन्हें इमरजेंसी सेवाओं की आवाज सुनी. दरअसल, एप्पल वॉच के क्रैश डिटेक्शन फीचर ने एक्सीडेंट का पता लगा लिया था और तुरंत ही इमरजेंसी सेवाओं को इस बारे में सूचित कर दिया.
एप्पल वॉच ने बचा ली जान- पीड़ित
हिल ने आपबीती बताते हुए कहा कि हादसे के बाद एप्पल वॉच ने उनकी जान बचा ली. उन्होंने कहा,"इमरजेंसी सर्विस ने वॉच के जरिए मुझसे संपर्क किया और जरूरी दिशानिर्देश दिए. इस आवाज की वजह से मैं शांत रहा, नहीं तो मैं डूब सकता था." हिल ने कहा कि हादसे में उन्हें कुछ चोटें आई हैं, लेकिन अगर एप्पल वॉच नहीं होती तो चीजें और खराब हो सकती थीं.
एप्पल वॉच ने बचाई थी टिम कुक के पिता की जान
एक बार एप्पल वॉच ने कंपनी के सीईओ टिम कुक के पिता की भी जान बचाई थी. कुक ने इसकी जानकारी देते हुए बताया था कि Apple Watch की इमरजेंसी सर्विस से उन्हें अपने पिता के बेहोश होकर गिरने का पता चला. इसके बाद वो तुरंत घर पहुंचे और पिता को अस्पताल लेकर गए.


