दुल्हन का चेहरा देख अचानक बौखलाया दूल्हा, शादी से कर दिया इनकार...लड़की वालों ने काट दीं मूंछें, जानें पूरा मामला
राजस्थान के करौली में एक दूल्हे को शादी से इंकार करना महंगा पड़ गया. जब वो रिश्ता पक्का करने पहुंचा तो उसने दुल्हन का चेहरा देखते ही उसे रिजेक्ट कर दिया. इससे बौखलाए दुल्हन के परिवार ने दूल्हे की पिटाई कर डाली. साथ ही उसकी मूंछ भी काट दी.

राजस्थान के करौली में एक अजीब घटना हुई, जब एक दूल्हे ने शादी के दिन दुल्हन का चेहरा देखते ही शादी कैंसिल कर दी. दूल्हे का कहना था कि उसे धोखा दिया गया है, क्योंकि जो लड़की उसकी फोटो में दिखाई गई थी, वह वही नहीं थी. दूल्हे ने रिश्ता तोड़ने के बाद दोनों परिवारों में बहस शुरू हो गई और फिर पंचों को बुलाया गया. जब बात नहीं बनी, तो दुल्हन पक्ष ने दूल्हे की पिटाई कर दी और उसकी मूंछ भी काट दी. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
घटना की जानकारी के मुताबिक, दूल्हा टोडाभीम (करौली) का रहने वाला है और स्टेशन मास्टर के रूप में काम करता है. लड़के वालों का आरोप है कि सगाई के वक्त उन्हें जो लड़की दिखाई गई थी, वह शादी के दिन अलग थी. इसी वजह से उन्होंने शादी करने से इंकार कर दिया.
दुल्हन पक्ष ने कर दी दूल्हे की पिटाई
दूल्हा ने बताया कि उसके परिवार वाले सगाई के लिए दुल्हन के घर गए थे, लेकिन वहां लड़की को देख कर सब हैरान रह गए क्योंकि वह लड़की उस फोटो से अलग थी, जो उन्हें पहले दिखाई गई थी. इसके बाद उन्होंने शादी से इंकार करते हुए घर जाकर जवाब देने को कहा. लड़की वालों ने जल्द जवाब देने की बात की, लेकिन दूल्हे ने कह दिया कि शादी अब नहीं हो सकती क्योंकि उन्हें धोखा दिया गया था.
लड़की वालों ने काट दीं मूंछें
दूल्हे ने आगे बताया कि इसके बाद लड़की के परिवार वालों ने उन्हें और उनके परिवार को रोक लिया. फिर पंचों को बुलाया गया और इसे अपमानजनक बताया गया. इसके बाद दुल्हन पक्ष के लोगों ने दूल्हे की पिटाई शुरू कर दी, और उसकी मूंछ और बाल काट दिए. घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, जिन्होंने बयान दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है.


