भारत-पाकिस्तान युद्ध हुआ तो.... खालिस्तानी पन्नू ने पाकिस्तान का साथ देने का किया ऐलान!
Gurpatwant Singh Pannun: खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने एक बार फिर भड़काऊ बयान देकर पाकिस्तान का समर्थन किया है. पन्नू ने धमकी दी है कि अगर भारत ने पाकिस्तान पर हमला किया, तो यह युद्ध प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नई दिल्ली के लिए आखिरी साबित होगा.

Gurpatwant Singh Pannun: भारत और पाकिस्तान के बीच हालिया तनाव के बीच खालिस्तान समर्थक और प्रतिबंधित संगठन 'सिख्स फॉर जस्टिस' (SFJ) का प्रमुख गुरपतवंत सिंह पन्नू एक बार फिर चर्चा में आ गया है. पन्नू ने एक वीडियो जारी कर पाकिस्तान का खुलकर समर्थन किया है और भारत पर हमला होने की स्थिति में देश को टुकड़े-टुकड़े करने की धमकी दी है. इस बयान ने सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट मोड पर ला दिया है.
पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत-पाक के बीच युद्ध की आशंका के बीच पन्नू ने एक भड़काऊ वीडियो बयान जारी किया, जिसमें उसने भारत को धमकाते हुए कहा कि अगर भारत ने पाकिस्तान पर हमला किया, तो यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नई दिल्ली के लिए "आखिरी युद्ध" साबित होगा. पन्नू ने इस कथित युद्ध को पंजाब के लिए भारत से अलग होने का "सुनहरा अवसर" करार दिया.
पाकिस्तान को बताया दोस्त
गुरपतवंत सिंह पन्नू ने अपने वीडियो में कहा, "अगर भारत पाकिस्तान पर हमला करता है, तो पंजाब को भारत से अलग कर खालिस्तान बनाया जाएगा. भारत ने पंजाब पर जबरन कब्जा कर रखा है. ऐसे में पंजाब के लोग भारत की सेना के खिलाफ खड़े होंगे." पन्नू ने आगे कहा कि पूरा सिख समुदाय पाकिस्तान की सेना के साथ खड़ा रहेगा और उनके लिए लंगर लगाएगा.
संयुक्त राष्ट्र में खालिस्तान के मुद्दे को उठाने की अपील
पन्नू ने पाकिस्तान सरकार से अपील करते हुए कहा कि वह खालिस्तान के मुद्दे को संयुक्त राष्ट्र में उठाए और पंजाब में जनमत संग्रह की मांग करे. उसने दावा किया कि पंजाब में भारत की सेना के खिलाफ और खालिस्तान के समर्थन में दीवारों पर नारे लिखे जा रहे हैं. पन्नू ने यह भी कहा कि सिख सैनिकों को पाकिस्तान के खिलाफ लड़ाई में भाग लेने से मना किया जा रहा है.
भारत को दी चेतावनी
पन्नू ने चेतावनी देते हुए कहा, "भारत को यह युद्ध बहुत महंगा पड़ेगा. अगर भारत युद्ध में गया तो वह टूट जाएगा." उसने अपने बयान में भारत विरोधी रुख को और ज्यादा तीखा किया और इस टकराव को पंजाब की आज़ादी का मौका बताया.
पहले भी उगला है भारत के खिलाफ जहर
गुरपतवंत सिंह पन्नू पिछले लंबे समय से भारत के खिलाफ ज़हर उगलता आ रहा है. उसने कनाडा और अन्य देशों में भारत विरोधी रैलियों का आयोजन किया, जिनमें पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आपत्तिजनक पुतले जलाए गए. उसका कहना है कि वह भारत के पंजाब को अलग कर खालिस्तान बनाएगा.
भारत सरकार ने घोषित किया आतंकी
गौरतलब है कि भारत सरकार ने गुरपतवंत सिंह पन्नू को 1 जुलाई 2020 को 'गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम' (UAPA) के तहत आतंकी घोषित किया था. पन्नू पंजाब के अमृतसर जिले के खानकोट गांव का रहने वाला है, लेकिन लंबे समय से विदेश में रह रहा है. बताया जाता है कि वह पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI की मदद से भारत विरोधी गतिविधियों को अंजाम दे रहा है और पंजाब में खालिस्तान आंदोलन को पुनर्जीवित करने की कोशिश कर रहा है.


