इंस्टाग्राम पर प्यार, झगड़ा और फिर सेप्टिक टैंक में लाश... लोहे के बॉक्स में बंद मिला महिला का शव
भोपाल के निशातपुरा में 33 वर्षीय महिला का शव सेप्टिक टैंक से मिला. इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती के बाद वह आरोपी के साथ रहने लगी थी. शादी के विवाद में हत्या का आरोप है. पुलिस ने आरोपी के परिजनों को गिरफ्तार किया है.

भोपाल: मध्य प्रदेश के भोपाल से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को हिला दिया. शहर के निशातपुरा क्षेत्र में एक खाली प्लॉट के सेप्टिक टैंक से 33 वर्षीय महिला का सड़ा हुआ शव बरामद हुआ. पहली नजर में यह मामला रहस्यमय लगा, लेकिन पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझा ली. मृतका की पहचान अशरफी उर्फ सिया के रूप में हुई, जो महाराष्ट्र के गोंदिया जिले की रहने वाली थी.
जानकारी के अनुसार, सिया की दोस्ती इंस्टाग्राम के जरिए समीर नामक युवक से हुई थी. यह दोस्ती जल्द ही रिश्ते में बदल गई. बताया जा रहा है कि समीर पहले से शादीशुदा था और दो बच्चों का पिता भी है, लेकिन उसने यह बात सिया से छिपाई थी. करीब तीन महीने पहले सिया अपना घर छोड़कर भोपाल आ गई और कमला नगर इलाके में समीर के घर रहने लगी. यहीं से विवाद की शुरुआत हुई.
रिश्ते में बढ़ा तनाव
भोपाल आने के बाद सिया और समीर की पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होने लगे. पड़ोसियों ने भी घर से ऊंची आवाज में बहस और तनाव की पुष्टि की है. पुलिस के मुताबिक, सिया समीर पर शादी करने का दबाव बना रही थी. साथ ही, शादी न करने की स्थिति में पांच लाख रुपये की मांग कर रही थी.
सिया ने कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी थी. तनाव बढ़ने पर समीर की पत्नी जबलपुर अपने मायके चली गई. इसी दौरान सोमवार शाम को सिया और समीर के बीच फिर तीखी बहस हुई. पुलिस का कहना है कि गुस्से में आकर समीर ने सिया का गला दबाकर हत्या कर दी.
शव ठिकाने लगाने की कोशिश
हत्या के बाद समीर ने अपने परिवार की मदद ली. रिपोर्ट के अनुसार, उसने अपने भाई, मां और बहन की सहायता से शव को एक लोहे के बॉक्स में बंद किया. आधी रात के समय उस बॉक्स को एक खाली प्लॉट के सेप्टिक टैंक में फेंक दिया गया, ताकि किसी को शक न हो.
बदबू से खुला राज
गुरुवार शाम कुछ बच्चे उसी इलाके में खेल रहे थे, तभी उन्हें तेज बदबू महसूस हुई. स्थानीय लोगों ने देखा कि टैंक में एक लोहे का बॉक्स तैर रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और टैंक से बॉक्स बाहर निकाला. अंदर से सिया का सड़ा हुआ शव मिला. शव की हालत खराब होने के कारण चोट के निशान स्पष्ट नहीं थे. हालांकि, उसके हाथ पर बने ‘दीपक’ नाम के टैटू और जन्मतिथि से पहचान संभव हो सकी.
पुलिस की कार्रवाई
घटना के बाद से समीर फरार बताया जा रहा है. पुलिस ने उसके भाई, मां और बहन को गिरफ्तार कर लिया है. समीर की पत्नी से भी पूछताछ की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही हत्या की पूरी कहानी साफ हो पाएगी. वहीं, ये भी सामने आया है कि सिया की पहले भी तीन शादियां हो चुकी थीं, लेकिन फिलहाल पुलिस का ध्यान हत्या के कारण और साजिश में शामिल लोगों की भूमिका पर है.


