भोपाल में नाबालिग के साथ 4 कारों में हैवानियत, आरोपियों ने वीडियो बनाकर मांगे 40 हजार
भोपाल में 11वीं की नाबालिग छात्रा को वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया गया और चार अलग-अलग कारों में उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप है. दो आरोपी गिरफ्तार हैं, चार वाहन जब्त किए गए हैं और एसआईटी जांच जारी है.

भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से एक बेहद शर्मनाक और परेशान करने वाली घटना सामने आई है. यहां ब्लैकमेल और जबरन पैसा वसूली से जुड़े मामले में ग्यारहवीं कक्षा में पढ़ने वाली एक नाबालिग छात्रा के साथ बलात्कार किया गया. जानकारी के अनुसार छात्रा के साथ यह वारदात चार अलग-अलग कारों में की गई. पुलिस ने कार्रवाई करते अपराध में इस्तेमाल की गई एक थार एसयूवी सहित चार वाहनों को जब्त किया है.
इस मामले में मुख्य आरोपी औसाफ अली खान को 3 फरवरी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. वहीं उसका साथी मेजर खान, जो शहर में एक जिम संचालित करता है, 8 फरवरी को पकड़ा गया. फिलहाल उसे 13 फरवरी तक कोहेफिजा थाने में पुलिस रिमांड पर रखा गया है. पुलिस दोनों से लगातार पूछताछ कर रही है ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके.
विशेष जांच दल का गठन
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त ने एसीपी अंकिता खटराकर की अगुवाई में एक विशेष जांच दल (SIT) बनाया है. जांच के दौरान यह बात सामने आई कि छात्रा के साथ अलग-अलग स्थानों पर चार गाड़ियों के अंदर यौन शोषण किया गया. पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़कर साक्ष्य जुटाने में लगी है.
वीडियो बनाकर दी गई धमकी
जांच में यह भी सामने आया कि खानुगांव इलाके में एक थार कार के अंदर मुख्य आरोपी ने छात्रा के साथ दुष्कर्म किया. उस समय उसका साथी मेजर खान बाहर खड़ा होकर मोबाइल फोन से घटना का वीडियो बना रहा था. बताया गया है कि वीडियो आईफोन से रिकॉर्ड किया गया, जो अब तक बरामद नहीं हो सका है. आरोप है कि दोनों ने उस वीडियो को आधार बनाकर छात्रा को डराया और 40 हजार रुपये की मांग की. वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे कई बार शोषण का शिकार बनाया गया.
पुलिस के अनुसार, अपराध में इस्तेमाल की गई एक कार को सीहोर जिले के एक गांव में छिपाया गया था. बाद में उसे ढूंढकर जब्त कर लिया गया. अन्य गाड़ियों को भी कब्जे में लिया गया है. जांच के दौरान यह भी पता चला कि मेजर खान का संपर्क कोहेफिजा थाने में तैनात एक हेड कांस्टेबल से था. उस पुलिसकर्मी पर गोपनीय जानकारी बाहर पहुंचाने का आरोप लगा है. मामले की जानकारी मिलते ही उसे निलंबित कर दिया गया.
फिलहाल, एसआईटी इस पूरे मामले की विस्तार से जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.


