प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और कई केंद्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री...कितना भव्य होगा नीतीश कुमार का शपथग्रहण? बनाए गए 3 मंच
पटना के गांधी मैदान में नई एनडीए सरकार के शपथ ग्रहण के लिए दो लाख लोगों की seating, तीन मंच, कड़ी सुरक्षा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भव्य तैयारी है. पीएम मोदी समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे और मेहमानों को विशेष भोज परोसा जाएगा.

पटनाः नई एनडीए सरकार के शपथ ग्रहण समारोह से पहले पटना का गांधी मैदान पूरी तरह से जगमगा उठा है. इस ऐतिहासिक आयोजन को यादगार बनाने के लिए मैदान में व्यवस्थाओं और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. करीब ढाई लाख लोगों की क्षमता के साथ तैयार किए गए इस स्थल पर दूर-दराज़ से आने वाले लोगों और वीवीआईपी मेहमानों के स्वागत की पूरी तैयारी की गई है.
कितने लोगों के आने की संभावना?
इस भव्य समारोह को देखते हुए गांधी मैदान में लगभग दो लाख कुर्सियां लगाई गई हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग नीतीश कुमार के नेतृत्व में बनने वाली नई सरकार के शपथ ग्रहण का साक्षी बन सकें. मैदान को कई सेक्टरों में बांटा गया है, जिससे भीड़ को नियंत्रित करने में आसानी होगी. सुरक्षा बलों, मेडिकल टीमों और व्यवस्थापकों को अलग-अलग क्षेत्रों की जिम्मेदारी दी गई है. गांधी मैदान में तीन विशाल मंच बनाए गए हैं.
शपथ ग्रहण मंच
सबसे बड़ा और केंद्रीय मंच शपथ ग्रहण समारोह के लिए सजाया गया है. यहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी नई कैबिनेट के साथ शपथ लेंगे. इस मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित कई केंद्रीय मंत्री और एनडीए के शीर्ष नेता मौजूद रहेंगे. मंच को सुरक्षा और भव्यता दोनों दृष्टियों से विशेष रूप से डिजाइन किया गया है.
राज्यों से आने वाले विशिष्ट अतिथियों के लिए मंच
दूसरे पंडाल को उन वीवीआईपी मेहमानों के लिए तैयार किया गया है, जो अलग-अलग राज्यों से समारोह में भाग लेने आ रहे हैं. यहां लगभग 500 कुर्सियां लगाई गई हैं. इसमें राज्यपाल, मुख्यमंत्री, सांसद, मंत्री और अन्य बड़े जनप्रतिनिधि बैठेंगे. प्रशासन ने यहां हाई-सिक्योरिटी जोन निर्धारित किया है.
सांस्कृतिक रंग में रंगा बिहार
तीसरे पंडाल में बिहार की कला-संस्कृति की झलक पेश की जाएगी. कला एवं संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में नवनिर्वाचित विधायक मैथिली ठाकुर, सांसद एवं लोकगायक मनोज तिवारी और राज्य के सुप्रसिद्ध लोक कलाकार मंच पर प्रस्तुति देंगे. मिथिला, मगध, भोजपुर और कोसी की सांस्कृतिक धरोहर को नृत्य, संगीत और गायन के माध्यम से दिखाया जाएगा.
कौन-कौन होंगे गेस्ट?
गुरुवार को होने वाले इस शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के अलावा देश के लगभग डेढ़ दर्जन राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे. यह अब तक के सबसे बड़े शपथ कार्यक्रमों में से एक माना जा रहा है.
मेहमानों के लिए खास भोज
होटल मौर्या के जीएम बीडी सिंह ने बताया कि अतिथियों के लिए होटल में भोजन और मैदान में चाय-नाश्ते का इंतजाम किया गया है. बिहार की पारंपरिक पहचान को प्रदर्शित करने के लिए लिट्टी-चोखा, मखाना खीर, दही-चूड़ा जैसे लोकप्रिय व्यंजन परोसे जाएंगे. साथ ही अन्य राज्यों से आने वाले मेहमानों के स्वाद को ध्यान में रखते हुए उनके स्थानीय पारंपरिक व्यंजन भी मेनू में शामिल किए गए हैं.
उत्तर प्रदेश, दिल्ली, गुजरात, मध्य प्रदेश, हरियाणा, उत्तराखंड, ओडिशा, असम, अरुणाचल प्रदेश, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र और मणिपुर समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री और प्रतिनिधि मंडल इस समारोह में शिरकत करेंगे.


