तेलंगाना रिएक्टर विस्फोट: मौतों का आंकड़ा 35 पहुंचा, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

तेलंगाना के संगारेड्डी जिले के पाशमाइलारम स्थित एक फार्मा फैक्ट्री में सोमवार सुबह हुए भीषण विस्फोट में मरने वालों की संख्या बढ़कर 35 हो गई है. हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है. 34 लोग घायल हैं, जिनमें 12 की हालत गंभीर बताई जा रही है.

Shivani Mishra
Edited By: Shivani Mishra

Telangana Reactor Blast: तेलंगाना के संगारेड्डी जिले के पाशमाइलारम स्थित एक फार्मा प्लांट में हुए भीषण विस्फोट में मरने वालों की संख्या बढ़कर 35 हो गई है. सोमवार सुबह हुए इस हादसे में अब तक 34 घायल लोगों का इलाज अस्पतालों में चल रहा है, जिनमें से 12 की हालत नाजुक बताई जा रही है. राहत और बचाव कार्य अभी भी जारी है, मलबे में दबे अन्य लोगों की तलाश की जा रही है.

यह हादसा सिगाची इंडस्ट्रीज की यूनिट में सुबह करीब 9:30 बजे हुआ, जब लगभग 90 मजदूर फैक्ट्री में काम कर रहे थे. इस दिल दहला देने वाली घटना ने न सिर्फ कई परिवारों से उनके प्रियजनों को छीन लिया, बल्कि राज्यभर में शोक की लहर भी दौड़ा दी.

क्या था विस्फोट का कारण?

तेलंगाना स्टेट डिजास्टर रिस्पांस और फायर सर्विसेज के महानिदेशक वाई नागी रेड्डी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि प्लांट के ड्राइंग यूनिट में दबाव बढ़ने के कारण यह विस्फोट हुआ. वाई नागी रेड्डी ने बताया, "औद्योगिक विशेषज्ञों का कहना है कि ड्राइंग या हैंडलिंग प्रोसेस के दौरान दबाव बढ़ा, जिससे विस्फोटक सामग्री फट गई और हैंडलिंग यूनिट समेत पूरी इमारत में विस्फोट हो गया."

मौके पर पहुंचे मंत्री, स्थिति का जायजा

राज्य के स्वास्थ्य मंत्री सी दामोदर राजनारसिम्हा और श्रम मंत्री जी विवेक वेंकटस्वामी ने घटनास्थल का दौरा किया. वेंकटस्वामी ने बताया कि जिन 34 घायलों को अस्पताल में भर्ती किया गया है, उनमें से 12 की हालत बेहद गंभीर है और उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है.  घायलों के शरीर में गंभीर जलन है, जिससे उनकी श्वसन प्रणाली पर प्रभाव पड़ा है.

प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने जताया शोक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आग की त्रासदी पर दुख जताया और इस घटना में अपने प्रियजनों को खोने वालों के प्रति संवेदना व्यक्त की. उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की. 'एक्स' पर एक पोस्ट में, उन्होंने मृतकों के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपये और घायलों के लिए 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की.

एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने घटना पर दुख व्यक्त किया और अधिकारियों को फंसे हुए श्रमिकों को बचाने और उन्हें उन्नत चिकित्सा देखभाल प्रदान करने के लिए सभी कदम उठाने का निर्देश दिया. 

कंपनी ने कहा कि वह जानमाल के नुकसान पर गहरा शोक व्यक्त करती है और मृतकों के परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करती है. कंपनी ने कहा कि प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag