क्या यूनुस ने पाकिस्तान जनरल को सौंपे नक्शे में असम और पूर्वोत्तर भारत दिखाकर भारत की संप्रभुता को ललकारा?
पाकिस्तान के ज्वाइंट चीफ ऑफ स्टाफ कमेटी प्रमुख जनरल साहिर शमशाद मिर्जा ने यूनुस से मुलाकात की. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार यूनुस ने जनरल को एक नक्शा सौंपा, जिसमें असम और पूर्वोत्तर भारत के अन्य क्षेत्र शामिल थे. इस मुलाकात ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. जो अब चर्चा का विषय बना हुआ है.

नई दिल्ली: भारत और बांग्लादेश के रिश्तों में एक बार फिर तनाव के बादल मंडराने लगे हैं. वजह है बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख सलाहकार मोहम्मद यूनुस की ओर से पाकिस्तान को दिया गया एक विवादित तोहफा. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यूनुस ने पाकिस्तान के शीर्ष सैन्य अधिकारी को जो नक्शा सौंपा, उसमें भारत के पूर्वोत्तर राज्य असम सहित कई क्षेत्र बांग्लादेश का हिस्सा भी दिखाए गए हैं. इस खबर ने कूटनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है. हालांकि, भारत की ओर से इस पर अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
पाकिस्तान को सौंपा नक्शा
रिपोर्ट्स के अनुसार पाकिस्तान के ज्वाइंट चीफ ऑफ स्टाफ कमेटी के प्रमुख जनरल साहिर शमशाद मिर्जा ने हाल ही में मोहम्मद यूनुस से मुलाकात की थी. इस दौरान यूनुस ने उन्हें एक नक्शा सौंपा, जो अब विवादों में घिर गया है. मीडिया में सामने आई तस्वीरों में यूनुस को यह नक्शा मिर्जा को देते हुए देखा गया, जिसमें भारत के असम और अन्य पूर्वोत्तर राज्य बांग्लादेश की सीमाओं में शामिल दिखाए गए हैं.
भारत-पाकिस्तान संबंध पहले से ही तनावपूर्ण
पहलगाम आतंकी हमले के बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच रिश्ते पहले से ही तनावपूर्ण हैं. ऐसे में बांग्लादेश के वरिष्ठ सलाहकार द्वारा पाकिस्तान को विवादित नक्शा सौंपना भारत के लिए चिंता का विषय बन सकता है. इस घटना को लेकर सुरक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि यह कदम न केवल राजनयिक शिष्टाचार के खिलाफ है, बल्कि क्षेत्रीय स्थिरता पर भी असर डाल सकता है.
भारत की प्रतिक्रिया पर निगाहें
फिलहाल भारत सरकार ने इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक विदेश मंत्रालय इस पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कर रहा है. संभावना है कि आने वाले दिनों में भारत इस पर कड़ा रुख अपना सकता है, क्योंकि यह मुद्दा न केवल भौगोलिक अखंडता नही बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा से भी जुड़ा हुआ है.


