हमले, अपहरण और इंटरनेट बंद... बलूचिस्तान में खून की होली! बौखलाए पाक ने भारत पर लगाए आरोप
बलूचिस्तान में बड़े हमलों के बाद पाकिस्तानी सुरक्षाबलों ने व्यापक अभियान चलाया, जिसमें 145 विद्रोही और 17 जवान मारे गए. इंटरनेट और परिवहन सेवाएं बंद हैं, जबकि हालात अभी भी तनावपूर्ण बने हुए हैं.

बलूचिस्तान: पाकिस्तान का सबसे बड़ा प्रांत बलूचिस्तान इन दिनों खून से सना हुआ है. भीषण हिंसा के कारण लोगों में डर का माहौल है. शनिवार को BLA द्वारा दशकों का सबसे बड़ा और घातक हमला किया गया. विद्रोहियों द्वारा बलूचिस्तान के कई शहरों पर एक साथ गोलीबारी, बम धमाके और आत्मघाती हमले किए गए, जिसमें लगभग 30 लोग मारे गए.
वहीं, सुरक्षाबलों द्वारा जवाबी कार्रवाई के दौरान चलाए गए अभियान में बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी के 145 विद्रोहियों के मारे जाने की खबर सामने आई है. विद्रोहियों द्वारा किए गए हमले के बाद रविवार को सुरक्षाबलों द्वारा अभियान शुरू किए गए. इस दौरान बलूचिस्तान प्रांत में कई तरह के प्रतिबंध भी लगाए गए हैं, जिसमें इंटरनेट और कई अन्य सेवाएं शामिल है.
हमलों के बाद बड़ा सुरक्षा अभियान
बलूचिस्तान प्रांत के मुख्यमंत्री सरफराज बुगती ने रविवार को जानकारी दी कि, आतंकवाद विरोधी कई अभियानों में पिछले 40 घंटों में लगभग 145 आतंकवादी गारे गए. इस दौरान 17 सुरक्षाकर्मी की भी मौत होने की पुष्टि हुई. क्वेटा में मीडिया से बात करते हुए बुगती ने बताया कि सभी 145 आतंकवादियों के शव अधिकारियों के कब्जे में हैं और उनकी पहचान की जा रही है.
कई शहरों में सख्त पाबंदियां
बलूचिस्तान में हिंसा के बाद 24 घंटे के लिए इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है. इसके साथ ही कई स्थानों पर ट्रेन सेवाएं और सड़क मार्ग भी बंद कर दिए गए हैं. बाजारों में भी सन्नाटा पसरा हुआ है. हिंसा के बाद स्थानीय लोग अपने घरों से निकलने में भी डर रहे हैं.
पाकिस्तानी सेना के अनुसार आतंकवादियों ने क्वेटा, मस्तुंग, नुश्की, दलबंदीन, खरान, पंजगुर, तुम्प, ग्वादर और पसनी समेत कई स्थानों पर हमला किया. वहीं, सेना का कहना है कि वह सफाई अभियान चला रही है. सुरक्षाबलों द्वारा जवाबी कार्रवाई में कई हमलावरों की मौत का दावा किया गया है, जिसमें महिला हमलावरों के शामिल होने की बात भी कही जा रही है.
आम नागरिकों पर भी हमला
अधिकारियों ने बताया कि विद्रोहियों ने आम नागरिकों को भी निशाना बनाया. इस हिंसा में महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और मजदूरों सहित 18 लोगों ने अपनी जान गवाई. वहीं, 15 सैनिकों की भी मौत हो गई. वहीं, मुख्यमंत्री सरफराज बुगती का कहना है कि शनिवार रात को आतंकवादियों ने पुलिस और सीमावर्ती कोर के जवानों समेत नागरिकों पर 12 अलग-अलग स्थानों पर हमला किया.
भारत-पाकिस्तान के बीच बयानबाजी
पाकिस्तान ने बलूचिस्तान में अशांति का ठीकरा भारत के ऊपर फोड़ने की कोशिश की है. हालांकि भारत ने पाकिस्तान द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को सख्ती से खारिज कर दिया है. विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान को सलह देते हुए कहा कि वो अपनी आंतरिक समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए और बलूचिस्तान के लोगों की शिकायतों का समाधान करना चाहिए.


