‘आपकी ID कहां है?’ जर्मनी में पाक सेना प्रमुख की फजीहत, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
जर्मनी में आयोजित म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन के दौरान पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर से प्रवेश से पहले पहचान पत्र दिखाने को कहा गया. वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर बहस छिड़ गई है.

दुनिया के बड़े मंच पर एक चीज कभी नहीं बदल सकती, वो है अंतरराष्ट्रीय स्तर पर होने वाली पाकिस्तान की बेइज्जती. जर्मनी में आयोजित एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान ऐसा ही एक वीडियो सामने आया है, जिसमें आर्मी चीफ फील्ड मार्शल आसिम मुनीर को बड़े अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारी शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा. पाकिस्तान के सेना प्रमुख को इस आयोजन में रोक कर आईडी यानी पहचान पत्र दिखाने को कहा गया.
पाकिस्तान के आर्मी चीफ फील्ड मार्शल आसिम मुनीर 13 से 15 फरवरी के बीच आयोजित म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन (MSC) में शामिल होने के लिए म्यूनिख पहुंचे थे. सम्मेलन स्थल पर प्रवेश के दौरान सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें आगे बढ़ने से पहले अपना पहचान बैज दिखाने को कहा. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक सुरक्षाकर्मी उन्हें रोकते हुए कहता सुनाई देता है कि वे अपना आईडी कार्ड स्पष्ट रूप से दिखाएं.
The Chief of Defence Forces and the COAS, Field Marshal Syed Asim Munir arrived in Munich, Germany to participate in the Munich Security Conference MSC 2026. pic.twitter.com/Ba0FcKMNFo
— Ali Sethi (@Alisethi_1) February 14, 2026
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं. कुछ लोगों ने इसे पाकिस्तान के लिए शर्मनाक बताया और कहा कि दुनिया के बड़े मंच पर उनके सैन्य प्रमुख को पहचाना नहीं गया. वहीं कई यूजर्स ने यह भी कहा कि इस तरह के उच्चस्तरीय कार्यक्रमों में सख्त सुरक्षा जांच आम बात है और इसे अलग नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए.
पाकिस्तान के पूर्व सैन्य अधिकारी आदिल राजा ने भी इस पर टिप्पणी करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान की प्रक्रिया सामान्य है और इसमें हैरानी की कोई बात नहीं होनी चाहिए. बताया जा रहा है कि वहां मौजूद सभी प्रतिभागियों के लिए यह एक सामान्य सुरक्षा प्रक्रिया थी और किसी को भी बिना पहचान पत्र के अंदर जाने की अनुमति नहीं थी.
सम्मेलन का महत्व
म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन हर साल आयोजित होने वाला एक प्रतिष्ठित वैश्विक मंच है, जहां दुनिया भर के नेता, रक्षा विशेषज्ञ और नीति निर्माता अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते हैं. यहां सुरक्षा के कड़े प्रोटोकॉल लागू रहते हैं और सभी प्रतिनिधियों को निर्धारित प्रक्रिया का पालन करना होता है.
जर्मनी में मुनीर को बुलाने को लेकर विरोध प्रदर्शन
इस बीच, जर्मनी स्थित सिंधी संगठन जेये सिंध मुत्ताहिदा महाज (JSMM) ने सम्मेलन स्थल के बाहर विरोध प्रदर्शन किया. संगठन के अध्यक्ष शफी बुरफत ने बयान जारी कर कहा कि पाकिस्तान के सेना प्रमुख को आमंत्रित किया जाना उन्हें निराश करता है.
संगठन ने पाकिस्तान की सैन्य व्यवस्था पर मानवाधिकार उल्लंघन और राजनीतिक हस्तक्षेप के आरोप लगाए. बयान में 1971 की घटनाओं का भी जिक्र किया गया, जब पूर्वी पाकिस्तान के अलग होकर बांग्लादेश बनने की पृष्ठभूमि तैयार हुई थी. हालांकि, पाकिस्तान इन आरोपों को पहले भी खारिज करता रहा है.


