9 महीने पहले ही हो चुकी थी पाकिस्तानी एक्ट्रेस हुमैरा असगर अली की मौत, सड़ी-गली अवस्था में मिला शव...पुलिस ने खोले कई राज

कराची में अभिनेत्री हुमैरा असगर अली का शव उनके फ्लैट से नौ महीने बाद बरामद हुआ. डिजिटल रिकॉर्ड्स से मौत अक्टूबर 2024 में हुई मानी जा रही है. परिवार ने शव को अपनाने से इनकार कर दिया. मौत की वजह रहस्य बनी हुई है. पुलिस जांच जारी है. यह मामला अकेलेपन और सामाजिक उपेक्षा की भयावह तस्वीर पेश करता है.

Yaspal Singh
Edited By: Yaspal Singh

पाकिस्तान की जानी-मानी अभिनेत्री और मॉडल हुमैरा असगर अली की मौत ने सबको हैरान कर दिया है. कराची स्थित उनके किराए के फ्लैट से उनका सड़ा-गला शव हाल ही में बरामद हुआ, जबकि अनुमान है कि उनकी मौत नौ महीने पहले अक्टूबर 2024 में ही हो चुकी थी.

फ्लैट में घुसने पर सामने आई सच्चाई

घटना का खुलासा तब हुआ जब एक अदालती ज़मानतदार ने बेदखली आदेश का पालन करते हुए फ्लैट में जबरन प्रवेश किया. वहां मिले शव और फ्लैट की स्थिति ने पुलिस को चौंका दिया. इसके बाद जांच एजेंसियों ने मामले की तह तक जाने के लिए जांच शुरू की.

डिजिटल सबूतों से खुला राज

पहले पोस्टमार्टम में दावा किया गया था कि मौत हाल ही में हुई है, लेकिन जांचकर्ताओं को अभिनेत्री की आखिरी कॉल अक्टूबर 2024 की मिली. हुमैरा की आखिरी फेसबुक पोस्ट 11 सितंबर और इंस्टाग्राम अपडेट 30 सितंबर 2024 का था. इन डिजिटल गतिविधियों से पुलिस ने निष्कर्ष निकाला कि मौत उसी समय के आसपास हुई होगी.

पड़ोसियों ने कब देखी थी आखिरी बार?

पुलिस द्वारा पूछताछ में सामने आया कि हुमैरा को उनके पड़ोसियों ने भी सितंबर या अक्टूबर 2024 के बाद से नहीं देखा था. इत्तेहाद कमर्शियल इलाके की इस बिल्डिंग में मौजूद अन्य फ्लैट फरवरी तक खाली थे, जिससे आसपास किसी को बदबू या कुछ असामान्य महसूस नहीं हुआ.

फ्लैट की हालत ने खोले कई राज

फ्लैट की तलाशी में जांचकर्ताओं को कई ऐसे संकेत मिले जो संकेत देते हैं कि मौत अक्टूबर 2024 में ही हुई थी. बिजली बिल का भुगतान बंद हो चुका था, पाइप सूखे हुए थे, और फूड कंटेनर एक्सपायर हो चुके थे. मोमबत्तियां, बैटरी या कोई वैकल्पिक ऊर्जा स्रोत नहीं मिला, जिससे अनुमान है कि बिजली कटने के बाद हुमैरा किसी सहायता के बिना रह गई थीं.

मौत की वजह पर अभी भी सस्पेंस

अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मौत आत्महत्या थी, दुर्घटना या किसी साजिश का हिस्सा. पुलिस का कहना है कि फोरेंसिक जांच जारी है और हर कोण से जांच की जा रही है. बालकनी का दरवाज़ा खुला पाया गया, जिससे बदबू बाहर निकल गई और शव की मौजूदगी का पता लगाने में देर हो गई.

परिवार ने शव को अपनाने से किया इनकार

सबसे दुखद पहलू यह रहा कि हुमैरा के परिवार ने शव को लेने से इनकार कर दिया. पुलिस अधिकारी असद रज़ा के अनुसार, परिवार ने दो साल पहले उससे सभी संबंध तोड़ दिए थे और अब वे उसके अंतिम संस्कार में भी कोई भूमिका नहीं निभाना चाहते.

अकेलेपन की और भी घटनाएं

कुछ हफ्ते पहले कराची में ही 84 वर्षीय अभिनेत्री आयशा खान भी अपने फ्लैट में मृत पाई गई थीं. वे भी अकेली रहती थीं. हुमैरा, जिसने कई टीवी धारावाहिक और दो फिल्मों में काम किया था, उसी तरह अकेलेपन और अनदेखी का शिकार बन गई.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो