IND vs PAK: फिक्सिंग करते पकड़ा गया पाकिस्तानी खिलाड़ी, लाइव मैच में फोन चलाकर ICC के नियमों की उड़ाई धज्जियां
भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जा रहा अंडर-19 विश्व कप 2026 से एक क्लिप सामने आई है, जिसमें पाकिस्तानी क्रिकेटर डगआउट में बैठे मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रहे हैं.

IND vs PAK: आईसीसी अंडर-19 विश्व कप 2026 में भारत-पाकिस्तान के बीच सुपर सिक्स का महत्वपूर्ण मैच खेला जा रहा है. इस मैच के दौरान पाकिस्तान टीम के मेंटर और पूर्व कप्तान सरफराज अहमद की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. डगआउट में बैठे सरफराज को मोबाइल फोन इस्तेमाल करते दिखाया गया है. कई लोगों ने इसे मैच-फिक्सिंग से जोड़कर सवाल उठाए हैं, क्योंकि यह आईसीसी के सख्त नियमों का सीधा उल्लंघन है.
क्या कहता है ICC का नियम?
आईसीसी के कोड ऑफ कंडक्ट के अनुसार, लाइव मैच के दौरान खिलाड़ी, कोच या सपोर्ट स्टाफ किसी भी कम्युनिकेशन डिवाइस जैसे मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं कर सकते हैं. यह नियम मैच की सत्यनिष्ठा बनाए रखने और फिक्सिंग रोकने के लिए बनाया गया है.
स्टेडियम में प्रवेश से पहले सभी गैजेट्स जमा कराने पड़ते हैं. अगर कोई इसका पालन नहीं करता, तो यह गंभीर उल्लंघन माना जाता है और जुर्माना या अन्य सजा हो सकती है. ICC के इस सख्त नियम से हर एक खिलाड़ी रूबरू है. ऐसे में सरफराज की इस हरकत पर अब आईसीसी से सख्त कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है.
सोशल मीडिया पर बवाल
सरफराज की फोन वाली तस्वीर वायरल होने के बाद फैंस में गुस्सा और बहस छिड़ गई है. यह घटना भारत-पाकिस्तान मैच की गर्मी में नया विवाद जोड़ रही है. आईसीसी जल्द ही इसकी जांच कर सकती है और फैसला सुना सकती है. फिलहाल, यह सवाल बरकरार है कि क्या सरफराज की यह हरकत सिर्फ लापरवाही थी या कुछ और?
भारत-पाकिस्तान मैच का हाल
मैच पर नजर डालें तो आपको बता दें, पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी है. पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही और टॉप-3 बल्लेबाज जल्दी आउट हो गए. लेकिन मिडिल और लोअर ऑर्डर ने कमाल दिखाया.
वेदांत त्रिवेदी ने 98 गेंदों पर 58 रन बनाए, जबकि कनिष्क चौहान ने 29 गेंदों में 35 रन ठोके. वैभव सूर्यवंशी ने 22 गेंदों पर 30 रन और आर अंबरिश ने 15 गेंदों पर 21 रन बनाए. इन सबके दम पर भारत ने 252 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया है. पाकिस्तान अब बड़े लक्ष्य को चेज करने में जुट चुकी है.


