दहन से पहले ही पटना में तेज बारिश से टूटा रावण का सिर, गांधी मैदान में मचा हड़कंप

Dussehra 2025: पटना के गांधी मैदान में दशहरा समारोह तेज बारिश से बाधित हो गया, जहां रावण का सिर भीगकर टूट गया और लोग अफरातफरी में भागने लगे. मौसम विभाग ने बिहार में अगले 4-5 दिनों तक भारी बारिश और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है.

Simran Sachdeva

Dussehra 2025: पटना के गांधी मैदान में दशहरे के मौके पर आयोजित रावण दहन की तैयारियों के बीच अचानक शुरू हुई जोरदार बारिश ने आयोजन की रौनक फीकी कर दी. कुंभकर्ण, मेघनाद और रावण के विशाल पुतले भीषण बारिश में पूरी तरह भीग गए और रावण का सिर जलने से पहले ही टूटकर लटक गया.

बारिश ने रावण दहन देखने पहुंचे लोगों के उत्साह पर भी असर डाला. लोग अपनी सुरक्षा के लिए इधर-उधर भागते नजर आए. आयोजकों और स्थानीय प्रशासन के लिए यह परिस्थिति चुनौतीपूर्ण बनी हुई है, क्योंकि गांधी मैदान में बड़े पैमाने पर आयोजित इस कार्यक्रम में सीएम नीतीश कुमार और कई वीआईपी भी शामिल होने वाले थे.

बारिश से प्रभावित रावण दहन का कार्यक्रम

गांधी मैदान में रावण दहन की सभी तैयारियां बारिश के कारण पानी-पानी हो गई हैं. आयोजक और प्रशासन नए सिरे से पुतलों को तैयार कर शाम 5:45 बजे रावण दहन कार्यक्रम को आयोजित करेंगे. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी इस कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे.

बारिश के बावजूद लोग रावण दहन देखने के लिए मैदान में रुके हुए हैं. प्रशासन और आयोजकों को कार्यक्रम को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने में अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ रही है.

बिहार में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने बिहार सरकार को अलर्ट भेजते हुए बताया है कि अगले 4 से 5 दिन तक प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा. पूरे प्रदेश में मध्यम से लेकर तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि भारी बारिश के कारण कई इलाकों में जल जमाव और बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो सकती है. इसके साथ ही नदियों का जलस्तर बढ़ने का खतरा भी बना हुआ है.

वज्रपात को लेकर भी जारी अलर्ट

बिहार के लगभग सभी जिलों में वज्रपात के खतरे को देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है. पिछले 24 घंटे में बेगूसराय, मुजफ्फरपुर, खगड़िया, सीतामढ़ी, दरभंगा, समस्तीपुर, शेखपुरा, शिवहर, वैशाली, मधुबनी, नालंदा, गोपालगंज और पटना में भारी बारिश के कारण कई क्षेत्रों में जल जमाव की समस्या उत्पन्न हुई. अधिकारियों ने लोगों से सतर्क रहने और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो