दिल्ली की हवा पर सुप्रीम कोर्ट की सख्त टिप्पणी, ‘स्थिति बहुत गंभीर, वर्चुअल सुनवाई का करें इस्तेमाल’

दिल्ली प्रदूषण पर सुप्रीम कोर्ट ने कड़ी चिंता जताई. न्यायमूर्ति पी.एस. नरसिम्हा ने अदालत में उपस्थित वकीलों से कहा कि वे सुनवाई में वर्चुअल माध्यम से शामिल हों, क्योंकि वर्तमान स्थिति बेहद गंभीर है.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण पर सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को कड़ी चिंता जताई. न्यायमूर्ति पी.एस. नरसिम्हा ने अदालत में उपस्थित वकीलों से कहा कि वे सुनवाई में वर्चुअल माध्यम से शामिल हों, क्योंकि वर्तमान स्थिति बेहद गंभीर है. उन्होंने कहा कि आप सब यहां क्यों आए हैं? हमारे पास ऑनलाइन सुनवाई की सुविधा है, कृपया इसका लाभ उठाएं. यह प्रदूषण स्थायी नुकसान पहुंचा सकता है.

न्यायमूर्ति नरसिम्हा ने क्या कहा? 

सुनवाई के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने कहा कि वे मास्क पहनकर आए हैं, जिस पर न्यायमूर्ति नरसिम्हा ने स्पष्ट कहा कि दिल्ली की मौजूदा स्थिति में केवल मास्क पहनना पर्याप्त नहीं है. उन्होंने बताया कि वह इस विषय पर मुख्य न्यायाधीश से भी चर्चा करेंगे ताकि स्थिति से निपटने के उपायों पर विचार हो सके.

राजधानी दिल्ली इस समय घने धुएं और जहरीली हवा की चपेट में है. लगातार तीसरे दिन वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज किया गया. प्रदूषण के कारण स्वस्थ लोगों के लिए भी सांस लेना मुश्किल हो गया है. सुबह के समय शहर का दृश्य धुंध से ढका रहा, जहां इमारतें और सड़कें मुश्किल से दिखाई दे रही थीं.

दिल्ली में जगह-जगह AQI कितना?

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, गुरुवार सुबह 8 बजे तक कई इलाकों में AQI खतरनाक स्तर पर था. बवाना (460), चांदनी चौक (455), आनंद विहार (431), आईटीओ (438), रोहिणी (447), डीयू नॉर्थ कैंपस (414) और द्वारका सेक्टर-8 (400). इन इलाकों में सांस से जुड़ी बीमारियों का खतरा और बढ़ गया है.

विशेषज्ञों ने वायु प्रदूषण के लिए मुख्य रूप से पंजाब और हरियाणा में पराली जलाने को जिम्मेदार ठहराया है. सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को दोनों राज्यों की सरकारों से इस मुद्दे पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी थी कि फसल अवशेष जलाने पर रोक के लिए अब तक क्या कदम उठाए गए हैं.

मंगलवार को दिल्ली में इस सीजन का पहला ‘गंभीर श्रेणी’ वाला दिन दर्ज किया गया, जब एक्यूआई 428 तक पहुंच गया जो दिसंबर 2024 के बाद सबसे खराब स्तर था. मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग तीन डिग्री कम है, जबकि अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag