मुंबई में ओला-उबर चालकों की हड़ताल तेज, शुक्रवार को आजाद मैदान में बड़ा प्रदर्शन

मुंबई में ओला, उबर और रैपिडो जैसे ऐप आधारित कैब चालकों की हड़ताल शुक्रवार को और उग्र रूप लेने जा रही है. दक्षिण मुंबई के आजाद मैदान में बड़े प्रदर्शन की तैयारी के चलते यात्रियों को और भी ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ सकती है.

Shivani Mishra
Edited By: Shivani Mishra

Ola Uber Strike Mumbai: मुंबई सहित महाराष्ट्र के कई शहरों में कैब चालकों की हड़ताल शुक्रवार को और ज्यादा उग्र रूप ले सकती है. ओला, उबर और रैपिडो जैसे ऐप-आधारित कैब चालकों ने शुक्रवार को दक्षिण मुंबई स्थित आज़ाद मैदान में बड़े धरना-प्रदर्शन का ऐलान किया है. यह हड़ताल बुधवार से ही जारी है, जिसने मुंबई महानगर क्षेत्र, पुणे और नागपुर में कैब सेवाओं को बुरी तरह प्रभावित किया है.

इस हड़ताल का सीधा असर यात्रियों पर पड़ रहा है, खासकर हवाई अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर सफर करने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. मुंबई एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों को पहले से वैकल्पिक परिवहन साधन तय करने की सलाह दी है.

शुक्रवार को आजाद मैदान में बड़ा प्रदर्शन

महाराष्ट्र गिग कामगार मंच के अध्यक्ष डॉ. केएन क्षीरसागर ने बताया कि बुधवार को करीब 70% ऐप-आधारित कैब सड़कों से नदारद रहीं, जिससे केवल कुछ ही गाड़ियां बुकिंग के लिए उपलब्ध थीं. उन्होंने कहा, "कैब चालक शुक्रवार से आजाद मैदान में धरना देंगे ताकि आंदोलन को और तेज किया जा सके. राज्य के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक से मंगलवार को हुई बैठक के बाद सरकार से अब तक कोई चर्चा नहीं हुई है."

प्रदर्शन कर रहे चालकों की मुख्य मांगें

हड़ताल पर उतरे चालकों ने कुछ अहम मांगें सरकार के सामने रखी हैं-

  • ऐप आधारित किरायों का पारंपरिक काली-पीली टैक्सी के बराबर किया जाए

  • बाइक टैक्सी सेवाओं पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया जाए

  • ऑटो और काली-पीली टैक्सी के परमिट की संख्या सीमित की जाए

  • ऐप आधारित चालकों के लिए एक कल्याणकारी बोर्ड का गठन किया जाए

  • अन्य राज्यों की तर्ज पर महाराष्ट्र गिग वर्कर्स एक्ट को लागू किया जाए

अन्य चालकों पर दबाव बनाने के आरोप

कुछ नागरिक समूहों ने दावा किया है कि हड़ताल में शामिल कैब ड्राइवर दूसरों पर भी दबाव बना रहे हैं कि वे अपनी सेवाएं बंद करें. चांदिवली सिटिजन वेलफेयर एसोसिएशन ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया है जिसमें कथित तौर पर कुछ हड़ताली ड्राइवर एक अन्य ड्राइवर को गाली देते और डराते-धमकाते दिख रहे हैं, जो विरोध के बावजूद अपनी कैब चला रहा था.

मध्य मुंबई में बढ़ेगी यात्रियों की मुश्किल

जैसे-जैसे शुक्रवार नजदीक आ रहा है, हड़ताल अब मुंबई के मध्य इलाकों तक पहुंच रही है, जिससे सामान्य यात्रियों की परेशानियां और बढ़ने की आशंका है. यह विरोध प्रदर्शन आने वाले दिनों में पूरे शहर की परिवहन व्यवस्था को और अधिक अस्त-व्यस्त कर सकता है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो