लिव-इन पार्टनर की हत्या का खुलासा: 20 दिन बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला राज, आरोपी गिरफ्तार

महाराष्ट्र के चंद्रपुर में लिव-इन रिलेशनशिप से जुड़ा एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है, जहां युवक ने अपनी पार्टनर की हत्या कर इसे आत्महत्या दिखाने की कोशिश की.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

चंद्रपुर: महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले के दुर्गापुर इलाके में लिव-इन रिलेशनशिप से जुड़ा एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है. शुरुआत में महिला की मौत को आत्महत्या माना जा रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया. जांच में खुलासा हुआ कि महिला की हत्या की गई थी, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

इस मामले में आरोपी 22 वर्षीय अंकेश योगेश बहिरवार है, जबकि मृतका 29 वर्षीय प्रियंका तुकुम की रहने वाली थी. दोनों पिछले कुछ समय से लिव-इन रिलेशनशिप में साथ रह रहे थे. प्रियंका अपने पति से अलग रह रही थीं और इसी दौरान उनकी मुलाकात अंकेश से हुई, जिसके बाद दोनों साथ रहने लगे थे.

आपसी विवाद बना हत्या की वजह

पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच अक्सर छोटे-छोटे मुद्दों को लेकर झगड़े होते थे. आपसी तनाव और मतभेद लगातार बढ़ते जा रहे थे, जिसने इस रिश्ते को हिंसक मोड़ दे दिया.

हत्या के बाद रची आत्महत्या की कहानी

14 मार्च की रात आरोपी अंकेश ने प्रियंका के पिता को फोन कर कहा, "वो बात नहीं कर रही, बेहोश है शायद..." और यह जताने की कोशिश की कि प्रियंका ने आत्महत्या कर ली है. जब परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे तो प्रियंका अचेत अवस्था में मिलीं. उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोली सच्चाई

शुरुआत में यह मामला आत्महत्या का लग रहा था, लेकिन करीब 20 दिन बाद आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने सच्चाई उजागर कर दी. रिपोर्ट के अनुसार, प्रियंका की मौत गला घोंटने से हुई थी, जिससे मामला हत्या में बदल गया.

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूला जुर्म

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया.

मौके से बरामद हुए अहम सबूत

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से मोबाइल चार्जर का तार और एक्सटेंशन बोर्ड बरामद किया, जिनका इस्तेमाल हत्या के लिए किया गया था.

दुर्गापुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो