Nepal Gen Z Protest: सरकार को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया...शांति बनाए रखें, प्रदर्शनकारियों ने की शांति की अपील
नेपाल में जनरेशन जेडर्स के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शनों ने राजनीतिक संकट गहरा दिया है. पीएम ओली ने इस्तीफा दे दिया, छात्र सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा कर रहे हैं, लेकिन हिंसा में 22 लोगों की मौत हो चुकी है. भारत ने यात्रा चेतावनी जारी की और उड़ानें रद्द हुईं. अब नागरिक सरकार और नए चुनाव की मांग तेज़ हो गई है.

Nepal protest: नेपाल में चल रहे विरोध प्रदर्शनों ने बड़ा राजनीतिक संकट खड़ा कर दिया है. जनरेशन जेडर्स के नेतृत्व में हो रहे इन प्रदर्शनों ने सरकार को घुटनों पर ला खड़ा किया. आंदोलनकारियों ने अपने अपील पत्र में प्रदर्शनकारियों से संयम बनाए रखने और सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान न पहुंचाने की अपील की.
जनरेशन जेडर्स की अपील
युवाओं ने कहा कि देश अब हमारी जिम्मेदारी में है. हमें धैर्य और संयम से आगे बढ़ना होगा. सार्वजनिक संपत्ति का किसी भी हालत में नुकसान नहीं होना चाहिए. पत्र में साफ किया गया कि मौजूदा संकट का समाधान केवल एक सर्वमान्य व्यक्ति के नेतृत्व वाली नागरिक सरकार और नए चुनाव ही हैं. युवाओं का मानना है कि यही कदम नेपाल के सुरक्षित भविष्य की नींव रखेगा.
ओली का इस्तीफा
प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने मंगलवार को पद से इस्तीफा दे दिया, जिसे राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने स्वीकार कर लिया. ओली ने अपने त्यागपत्र में कहा कि वह राजनीतिक समाधान की राह खोलने और स्थिति को शांत करने के लिए पद छोड़ रहे हैं. यह कदम सोशल मीडिया पर लगे प्रतिबंध के खिलाफ उग्र विरोध प्रदर्शनों के बीच उठाया गया.
सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा में छात्र
जहां कुछ समूह प्रदर्शन के दौरान हिंसा और तोड़फोड़ की ओर बढ़ रहे थे, वहीं छात्र संगठनों ने खुद ही मोर्चा संभाला. उन्होंने सरकारी इमारतों और सार्वजनिक ढांचों को घेरकर उनकी रक्षा की ताकि भीड़ संपत्ति को नुकसान न पहुंचा सके. इससे साफ है कि विरोध केवल बदलाव की मांग को लेकर है, न कि अराजकता फैलाने के लिए.
भारत ने जारी की यात्रा चेतावनी
नेपाल में लगातार बिगड़ती स्थिति को देखते हुए भारतीय विदेश मंत्रालय ने अपने नागरिकों को नेपाल की यात्रा से बचने की सलाह दी है. मंत्रालय ने कहा कि जो भारतीय नागरिक नेपाल में मौजूद हैं, वे घर के अंदर रहें और सड़कों से दूर रहें. भारतीय दूतावास ने आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर मदद मिल सके.
हिंसा में बढ़ा मौत का आंकड़ा
काठमांडू के कालीमाटी इलाके में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई झड़प के दौरान सुरक्षा बलों ने गोलीबारी की, जिसमें दो युवाओं की मौत हो गई. इसके साथ ही नेपाल में अब तक विरोध प्रदर्शनों में मारे गए लोगों की संख्या 22 पहुँच गई है. बताया जा रहा है कि प्रदर्शनकारियों ने पुलिस घेरे में आग लगा दी थी, जिसके बाद हालात नियंत्रण से बाहर हो गए.
हवाई सेवाएं भी प्रभावित
नेपाल में जारी विरोध प्रदर्शनों का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा है. एयर इंडिया ने दिल्ली से काठमांडू की सभी उड़ानें रद्द कर दी हैं, जबकि इंडिगो ने अपनी सभी उड़ानें अस्थायी रूप से निलंबित कर दी हैं. एयरलाइंस का कहना है कि वे स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और परिस्थितियां सामान्य होते ही सेवाएं बहाल कर दी जाएंगी.


