कनाडा में बदल गए वीजा नियम, भारतीय प्रवासियों के लिए बढ़ी मुश्किलें!
कनाडा ने अपने वीजा नियमों में बड़ा बदलाव किया है, जिससे हजारों भारतीय छात्रों, कामगारों और प्रवासियों के लिए मुश्किलें बढ़ सकती हैं. फरवरी 2025 से लागू हुए इन नए नियमों के तहत, कनाडा के बॉर्डर अधिकारियों को यह अधिकार मिल गया है कि वे जब चाहें, किसी भी छात्र, कामगार या प्रवासी का वीजा स्टेटस बदल सकते हैं.

कनाडा ने अपने वीजा नियमों में एक बड़ा बदलाव किया है, जिससे हजारों भारतीय छात्रों, कामगारों और प्रवासियों के लिए मुश्किलें बढ़ सकती हैं. फरवरी की शुरुआत से लागू हुए इन नए नियमों के तहत, कनाडाई बॉर्डर अधिकारियों को यह अधिकार मिल गया है कि वे जब चाहें, किसी भी छात्र, कामगार या प्रवासी का वीजा स्टेटस बदल सकते हैं. इस फैसले से भारतीय नागरिकों पर बड़ा असर पड़ने की आशंका है, क्योंकि कनाडा में पढ़ाई करने वाले अंतरराष्ट्रीय छात्रों में भारतीयों की संख्या सबसे अधिक है.
इस नए कानून के तहत, कनाडाई बॉर्डर कर्मियों को इलेक्ट्रॉनिक ट्रैवल ऑथराइजेशन (eTA) और टेम्पररी रेजिडेंट वीजा (TRV) को अस्वीकार या रद्द करने की असीमित शक्ति मिल गई है. यही नहीं, अगर अधिकारियों को लगता है कि कोई व्यक्ति अपने वीजा की वैधता समाप्त होने के बाद कनाडा नहीं छोड़ेगा, तो वे न केवल उसकी एंट्री रोक सकते हैं बल्कि पहले से जारी किए गए वर्क परमिट या स्टडी वीजा को भी रद्द कर सकते हैं.
तय तारीख पर देश छोड़ने का निर्देश
कनाडा में इस समय 4.2 लाख से अधिक भारतीय छात्र पढ़ाई कर रहे हैं. इसके अलावा, वहां बड़ी संख्या में भारतीय कामगार और प्रवासी भी रहते हैं. ऐसे में, नए नियम उनके भविष्य को लेकर गंभीर चिंताएं खड़ी कर सकते हैं. अगर किसी व्यक्ति का वीजा रद्द कर दिया जाता है, तो उसे कनाडा में प्रवेश नहीं मिलेगा और उसे तुरंत अपने देश लौटना पड़ेगा. इतना ही नहीं, यदि वीजा पहले से जारी हो चुका है और व्यक्ति कनाडा में पढ़ाई या काम कर रहा है, तो उसे एक नोटिस भेजा जाएगा, जिसमें एक तय तारीख तक देश छोड़ने का निर्देश होगा.
टूरिस्ट वीजा धारकों पर भी पड़ेगा असर
कनाडा हर साल लाखों भारतीय पर्यटकों को वीजा जारी करता है. 2024 के पहले छह महीनों में ही कनाडा ने 3.6 लाख भारतीयों को ट्रैवल वीजा जारी किया था. अब, नए नियमों के तहत, बॉर्डर अधिकारियों को यह अधिकार मिल गया है कि वे किसी भी व्यक्ति का वीजा रद्द कर सकते हैं.
स्टूडेंट डायरेक्ट स्ट्रीम (SDS) पहले ही हो चुका है बंद
महज तीन महीने पहले, नवंबर 2024 में, कनाडा सरकार ने भारतीय छात्रों के लिए बेहद लोकप्रिय स्टूडेंट डायरेक्ट स्ट्रीम (SDS) वीजा प्रोग्राम को बंद कर दिया था. इस प्रोग्राम के तहत, भारतीय छात्रों को एडमिशन और वीजा जल्दी मिलने की सुविधा थी, बशर्ते वे पहले से पैसे जमा कर देते. अब इस नई नीति से भारतीय छात्रों के लिए कनाडा में पढ़ाई करना और मुश्किल हो सकता है.
लोगों के निवेश और भविष्य पर संकट
नए नियमों को लेकर सबसे बड़ी चिंता यह है कि अगर किसी का वीजा रद्द कर दिया जाता है, तो उसके द्वारा दी गई फीस, लोन, किराया या अन्य खर्चों का क्या होगा? अभी तक कनाडाई सरकार ने इस पर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी है.
भारतीयों के लिए कनाडा का सफर हुआ मुश्किल
कनाडा भारतीय छात्रों और कामगारों के लिए हमेशा से पसंदीदा डेस्टिनेशन रहा है, लेकिन अब वहां जाने के नियम कड़े हो गए हैं. नए वीजा कानूनों से न केवल अनिश्चितता बढ़ेगी, बल्कि भारतीय प्रवासियों का भविष्य भी अधर में लटक सकता है.


