'मैंने विराट से बेहतर वनडे प्लेयर नहीं देखा' पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोटिंग ने कोहली के बांधे तारीफों के पुल

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने कहा कि उन्होंने वनडे क्रिकेट में विराट कोहली से बेहतर कोई खिलाड़ी नहीं देखा है और उम्मीद जताई कि यह स्टार बल्लेबाज वनडे में सचिन तेंदुलकर के सर्वाधिक रन के रिकॉर्ड को तोड़ने में सफल रहेगा. पोटिंग ने कहा कि वह रनों के मामले में मुझसे आगे निकल गए हैं और अब केवल दो बल्लेबाज ही उनसे आगे हैं तो मुझे पूरा यकीन है कि वह इस प्रारूप में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज के रूप में याद किए जाने के लिए खुद को सर्वश्रेष्ठ मौका देंगे.’’

Yaspal Singh
Edited By: Yaspal Singh

भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी में पाकिस्तान को हराकर सेमीफाइनल में  प्रवेश कर लिया है. भारत और पाकिस्तान के बीच 23 फरवरी को हुए महामुकाबले में टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने वनडे में अपना 51 वां शतक लगाकर आलोचकों को करारा जवाब दिया है. कोहली की इस शानदार पारी से भारत ने यह मैच छह विकेट से जीता. अब विराट की तारीफ ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान ने भी की है.

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने कहा कि उन्होंने वनडे क्रिकेट में विराट कोहली से बेहतर कोई खिलाड़ी नहीं देखा है और उम्मीद जताई कि यह स्टार बल्लेबाज वनडे में सचिन तेंदुलकर के सर्वाधिक रन के रिकॉर्ड को तोड़ने में सफल रहेगा.

रनों के पोटिंग से आगे निकले विराट

पोंटिंग ने आईसीसी रिव्यू में कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता कि मैंने 50 ओवर के प्रारूप में विराट कोहली से बेहतर खिलाड़ी देखा है. अब जबकि वह (सर्वाधिक रन बनाने के मामले में) मुझसे आगे निकल गए हैं और अब केवल दो बल्लेबाज ही उनसे आगे हैं तो मुझे पूरा यकीन है कि वह इस प्रारूप में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज के रूप में याद किए जाने के लिए खुद को सर्वश्रेष्ठ मौका देंगे.’’

कोहली ने अपने शतक के दौरान वनडे क्रिकेट में 14000 रन भी पूरे किए. वह तेंदुलकर और श्रीलंका के कुमार संगकारा के बाद यह उपलब्धि हासिल करने वाले दुनिया के तीसरे बल्लेबाज हैं.

सचिन तेंदुलकर से पीछे विराट

कोहली (14085 रन) अभी भी तेंदुलकर (18426) से 4341 रन पीछे हैं और 36 साल की उम्र में उनके पास इस मुकाम पर पहुंचने के लिए बहुत सीमित समय है लेकिन पोंटिंग को नहीं लगता कि कोहली के लिए यह असंभव काम है.

पोंटिंग ने कहा, ‘‘निश्चित तौर पर शारीरिक रूप से वह पहले की तरह फिट हैं और अपने खेल के इस पहलू पर असाधारण रूप से कड़ी मेहनत करते हैं. जब आप इसके बारे में सोचते हैं तो हैरानी होती है. विराट पिछले कई वर्षों से लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं लेकिन इसके बावजूद अब भी तेंदुलकर से 4000 रन पीछे हैं.’’

विराट कोहली के अंदर रनों की भूख है

पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने कहा , ‘‘इससे न सिर्फ यह पता चलता है कि सचिन कितने अच्छे बल्लेबाज थे बल्कि इससे यह भी पता चलता है कि वह कितने लंबे समय तक इस खेल को खेलते रहे. लेकिन विराट जैसे खिलाड़ी को आप कभी चुका हुआ नहीं मान सकते हैं. अगर उनमें अब भी रन बनाने की भूख है तो मैं कभी यह नहीं कहूंगा कि वह तेंदुलकर का रिकॉर्ड नहीं तोड़ सकते हैं.’ ’

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag