रैपिडो चालक ने 17 साल की नाबालिग के साथ किया रेप, पीड़िता ने ChatGPT से करवाया अरेस्ट

इंदौर से रैपिडो चालक द्वारा नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया है. चालक ने सस्ते कपड़े दिलाने का बहाना कर 17 साल की नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया और उसे मंदिर के पास छोड़कर फरार हो गया.

Sonee Srivastav

इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में एक ऐप-बेस्ड बाइक टैक्सी सेवा की आड़ में बेहद घिनौनी घटना हुई है. यहां 17 साल की नाबालिग किशोरी रैपिडो चालक की क्रूरता का शिकार बनी, लेकिन पीड़िता ने हिम्मत नहीं हारी और आधुनिक तकनीक की मदद से अपराधी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया. आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला.

रैपिडो बाइकर ने जबरदस्ती किया दुष्कर्म 

पीड़िता ने मोबाइल ऐप से राजवाड़ा जाने के लिए रैपिडो बाइक बुक की थी. चालक ने उसे तय जगह पर नहीं छोड़ा, बल्कि सस्ते कपड़े दिलाने का बहाना बनाकर परदेशीपुरा इलाके में ले गया. वहां उसने किशोरी के साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया. अपराध के बाद आरोपी ने उसे रात करीब 9 बजे शनि मंदिर के पास छोड़कर फरार हो गया.

ChatGPT की मदद से पुलिस तक पहुंची पीड़िता 

सदमे और दर्द में डूबी किशोरी ने हार नहीं मानी. उसने अपने मोबाइल पर ChatGPT से महिला अपराध और बच्चियों से जुड़ी हेल्पलाइन नंबर पूछे. मिले नंबर पर फोन करके उसने पूरी घटना पुलिस को बताई. रावजी बाजार थाना पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया और POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज किया. 

आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी

पुलिस ने जांच में आरोपी की पहचान अंकित नागर के रूप में की. वह राजगढ़ जिले का रहने वाला है और इंदौर के नेहरू नगर में दोस्तों के साथ किराए के कमरे में रहता था. बीए की पढ़ाई के साथ-साथ वह पार्ट-टाइम रैपिडो चालक का काम करता था. पुलिस ने आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया और आगे की जांच जारी है.

पुलिस की जांच में कुछ संदेह

पुलिस के अनुसार, पीड़िता थाने के बहुत नजदीक रहती है, फिर भी उसने तुरंत परिजनों या पुलिस से संपर्क नहीं किया. उसके मोबाइल से रैपिडो बुकिंग का इतिहास भी डिलीट पाया गया. इन बातों की गहराई से जांच की जा रही है ताकि पूरी सच्चाई सामने आए. 

यह घटना ऐप-बेस्ड सेवाओं में सुरक्षा की कमी को उजागर करती है. साथ ही यह भी दिखाती है कि तकनीक कितनी उपयोगी हो सकती है, खासकर मुश्किल वक्त में मदद मांगने के लिए. पीड़िता की बहादुरी सराहनीय है, जिसने न सिर्फ खुद को बचाया बल्कि अपराधी को सजा दिलाई।

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag