सोशल मीडिया पर नया पागलपन! चीन में प्लास्टिक लपेटकर खाना खा रहे युवा, वायरल ट्रेंड से मचा बवाल
चीन में ‘प्लास्टिक ईटिंग’ नाम का ट्रेंड वायरल हो रहा है, जिसमें लोग प्लास्टिक रैप के साथ खाना चबाकर थूक देते हैं. विशेषज्ञों ने इसे खतरनाक बताया है, क्योंकि इससे शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य दोनों पर बुरा असर पड़ सकता है.

सोशल मीडिया पर हर कुछ दिनों में कोई नया और चौंकाने वाला ट्रेंड सामने आ जाता है. लेकिन इस बार जो ट्रेंड वायरल हो रहा है, उसने डॉक्टरों और विशेषज्ञों की चिंता बढ़ा दी है. चीन में कुछ युवा वजन कम करने के लिए एक अजीब और जोखिम भरा तरीका अपना रहे हैं, जिसे 'प्लास्टिक ईटिंग' या 'क्लिंग रैप डाइट' कहा जा रहा है. इस ट्रेंड से जुड़े वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं और लाखों लोग उन्हें देख रहे हैं.
क्या है ‘प्लास्टिक ईटिंग’?
इस ट्रेंड में लोग अपने मुंह पर प्लास्टिक रैप लगाते हैं. फिर उस प्लास्टिक के अंदर खाना डालकर उसे चबाते हैं और बाद में थूक देते हैं. दावा किया जा रहा है कि इससे बिना कैलोरी लिए दिमाग को तृप्ति का एहसास कराया जा सकता है. कुछ लोग कहते हैं कि इससे भूख कम लगती है और वजन नियंत्रण में रहता है. हालांकि स्वास्थ्य विशेषज्ञ इस दावे को पूरी तरह गलत और खतरनाक बता रहे हैं. उनका कहना है कि यह तरीका न तो सुरक्षित है और न ही प्रभावी.
A trend among young people in China: For fear of obesity and in order to feel full, they place a plastic bag over their mouth while eating.pic.twitter.com/WZmOHS9LvO
— China pulse 🇨🇳 (@Eng_china5) February 17, 2026
शरीर पर खतरनाक असर
चिकित्सा विशेषज्ञों के अनुसार प्लास्टिक के छोटे कण शरीर में प्रवेश कर सकते हैं, जिन्हें माइक्रोप्लास्टिक कहा जाता है. ये पेट और आंतों को नुकसान पहुंचा सकते हैं. इससे गैस, दर्द और उल्टी जैसी समस्या हो सकती है. अगर प्लास्टिक के कण सांस के जरिए शरीर में चले जाएं, तो खांसी और सांस लेने में परेशानी हो सकती है. इसके अलावा प्लास्टिक में पाए जाने वाले कुछ केमिकल हार्मोन के संतुलन को भी बिगाड़ सकते हैं. लंबे समय तक ऐसा करने से लीवर और फेफड़ों पर भी असर पड़ सकता है.
मानसिक स्वास्थ्य पर भी असर
विशेषज्ञों का कहना है कि यह ट्रेंड केवल शारीरिक ही नहीं, मानसिक रूप से भी हानिकारक है. खाने के साथ अस्वस्थ संबंध बन सकता है. बार-बार खाना चबाकर थूकना एक गंभीर ईटिंग डिसऑर्डर का रूप ले सकता है. इससे शरीर के प्रति नकारात्मक सोच और चिंता बढ़ सकती है.
क्या सच में वजन घटता है?
डॉक्टर साफ कहते हैं कि यह तरीका वजन घटाने में मददगार नहीं है. खाना चबाकर थूक देने से शरीर को जरूरी पोषण नहीं मिलता. इससे बाद में ज्यादा भूख लग सकती है और ओवरईटिंग का खतरा बढ़ जाता है. वजन घटाने के लिए संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और सही जीवनशैली ही सुरक्षित और असरदार उपाय हैं.
कई यूजर्स ने दी प्रतिक्रिया
सोशल मीडिया पर इस ट्रेंड को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है. कई यूजर्स ने इसे खतरनाक बताया है और कहा है कि ऐसे वीडियो शेयर नहीं किए जाने चाहिए. कुछ लोगों का मानना है कि वजन कम करने के लिए अनुशासन और स्वस्थ आदतें जरूरी हैं, न कि ऐसे जोखिम भरे प्रयोग.


