चुपचाप दुनिया में नंबर-1 बन गया पाकिस्तान, भारत को भी नहीं लगी भनक! हासिल की ये उपलब्धियां
पाकिस्तान कुछ ऐसे 10 क्षेत्रों में दुनिया में नंबर-1 बन चुका है, जिनकी भारत समेत कई देशों को भनक तक नहीं लगी. इनमें ग्वादर बंदरगाह, सबसे ऊंची सड़क, सबसे बड़ी एम्बुलेंस सेवा, फुटबॉल निर्माण, शंदूर पोलो मैदान और नोबेल विजेता मलाला जैसी उपलब्धियां शामिल हैं.

जब बात अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग और कीर्तिमानों की होती है, तो ज़्यादातर लोग भारत, अमेरिका, चीन या जापान जैसे देशों का नाम लेते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि पाकिस्तान भी कुछ ऐसे मामलों में दुनिया में नंबर-1 है, जिनकी जानकारी शायद ही किसी को हो? इन मामलों में उसने न सिर्फ एशिया बल्कि पूरी दुनिया को पीछे छोड़ दिया है.
चाहे बात करें दुनिया की सबसे ऊंची पक्की सड़क की, सबसे बड़ी एम्बुलेंस सेवा की या सबसे ज्यादा फुटबॉल निर्माण की तो पाकिस्तान ने इन क्षेत्रों में ऐसी उपलब्धियां हासिल की हैं, जो आज भी कई विकसित देशों के लिए सपना हैं. आइए जानते हैं ऐसे ही 10 कीर्तिमानों के बारे में, जो पाकिस्तान को दुनिया में अलग पहचान दिलाते हैं.
दुनिया का सबसे गहरा और रणनीतिक बंदरगाह
ग्वादर बंदरगाह पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में स्थित है और इसे दुनिया के सबसे गहरे और रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बंदरगाहों में गिना जाता है. चीन भी इस बंदरगाह का इस्तेमाल करता है, जिससे इसकी ग्लोबल अहमियत और बढ़ जाती है.
सबसे ऊंची पक्की सड़क
काराकोरम हाईवे को दुनिया की सबसे ऊंची पक्की सड़क कहा जाता है। यह सड़क पाकिस्तान को चीन से जोड़ती है और खतरनाक पहाड़ी रास्तों और ग्लेशियरों से होकर गुजरती है। यह इंजीनियरिंग का एक अद्भुत नमूना है.
सबसे बड़ी स्वयंसेवी एम्बुलेंस सेवा
पाकिस्तान की ईधी फाउंडेशन को दुनिया की सबसे बड़ी वॉलंटियर एम्बुलेंस सेवा चलाने का गौरव प्राप्त है। यह संस्था 24x7 जरूरतमंदों की मदद करती है और इंटरनेशनल लेवल पर इसकी सराहना होती है.
फुटबॉल उत्पादन में सबसे आगे
पाकिस्तान का सियालकोट शहर हाथ से सिलने वाले फुटबॉल के लिए प्रसिद्ध है. फीफा वर्ल्ड कप में इस्तेमाल होने वाले फुटबॉल भी यहीं से बनकर जाते हैं। यह देश दुनिया का सबसे बड़ा फुटबॉल उत्पादक है.
दुनिया का सबसे ऊंचा पोलो मैदान
गिलगित-बाल्टिस्तान में स्थित शंदूर पोलो मैदान समुद्र तल से 3,700 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है और यह दुनिया का सबसे ऊंचा पोलो ग्राउंड है। हर साल यहां पारंपरिक पोलो टूर्नामेंट आयोजित किए जाते हैं.
पहला मुस्लिम परमाणु शक्ति संपन्न देश
पाकिस्तान इस्लामिक देशों में पहला ऐसा देश है जिसने परमाणु शक्ति हासिल की। इस वजह से उसकी रणनीतिक स्थिति काफी मजबूत मानी जाती है और अंतरराष्ट्रीय राजनीति में उसकी भूमिका अहम है.
सबसे कम उम्र की नोबेल पुरस्कार विजेता
मलाला यूसुफजई पाकिस्तान की वह बेटी है, जिसने शिक्षा के अधिकार के लिए आवाज उठाई और आतंकवाद के सामने भी न झुकी। उन्हें 17 साल की उम्र में नोबेल शांति पुरस्कार मिला, जिससे वे सबसे कम उम्र की नोबेल विजेता बन गई.
सबसे पुरानी सभ्यता का घर
मोहनजोदड़ो और हड़प्पा जैसी ऐतिहासिक जगहों को समेटे सिंधु घाटी सभ्यता पाकिस्तान की धरती पर फली-फूली। यह दुनिया की सबसे प्राचीन सभ्यताओं में से एक मानी जाती है, जो इतिहास प्रेमियों और पुरातत्वविदों के लिए किसी खजाने से कम नहीं.
सबसे बड़ा मिट्टी से बना बांध
पाकिस्तान का तारबेला डैम मिट्टी से बना दुनिया का सबसे बड़ा बांध है। यह देश के जल भंडारण और बिजली उत्पादन में अहम भूमिका निभाता है और इसकी संरचना विश्व स्तर पर अनोखी मानी जाती है.
दुनिया की ऊंची चोटियां
पाकिस्तान में दुनिया की दूसरी सबसे ऊंची चोटी के-2 और कई अन्य ऊंची पर्वत चोटियां हैं। पर्वतारोहियों के लिए यह एक रोमांचकारी स्थल है और यहां का प्राकृतिक सौंदर्य भी लुभावना है.